Home / Breaking News / दिल्ली के भलस्वा में पुलिस टीम पर हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लाठी-डंडों से पीटा….

दिल्ली के भलस्वा में पुलिस टीम पर हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लाठी-डंडों से पीटा….

दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। घटना शनिवार दोपहर मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके की बताई जा रही है, जहां नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों वाली एक बाइक को जब्त किया था।

पुलिस के अनुसार, बाइक जब्त किए जाने के कुछ समय बाद उसके मालिक और उसके साथ आए लोगों ने पुलिसकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया।

हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के साथ ईंट और डंडों से भी हमला किया। मदद के लिए पहुंचे एक अन्य पुलिसकर्मी को भी निशाना बनाया गया। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायल हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट आई है और सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पुलिस टीम के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके से एक 17 वर्षीय आरोपी को पकड़े जाने की जानकारी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सुनील उर्फ पंकज समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है।

यह घटना राजधानी में पुलिस टीम की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करती है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now