बांका पुलिस में कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी है। पुलिस कप्तान अमितेश कुमार ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि कानून के पालन में किसी भी प्रकार की ढिलाई या स्वेच्छाचारिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामला बाराहाट थाना क्षेत्र का है, जहां डायल-112 की टीम द्वारा मारपीट के आरोपी अश्वनी कुमार तथा जख्मी रुपेश कुमार यादव को थाना लाया गया था। आरोप है कि तत्कालीन प्रभारी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने जख्मी का न तो फर्द बयान दर्ज कराया और न ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया। इतना ही नहीं, मारपीट के आरोपी को उसी रात मुचलके पर छोड़ दिया गया।
इस पूरे मामले की जांच बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत कुमार बैठा ने की। जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने तत्काल प्रभाव से तत्कालीन प्रभारी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार को निलंबित कर दिया। वही दूसरी ओर शंभूगंज थाना के तत्कालीन प्रभारी थानाध्यक्ष राम मोहन कुमार पर गंभीर लापरवाही के आरोप में कार्रवाई की गई है। आरोप है कि उन्होंने जख्मी का समय पर जख्म जांच प्रतिवेदन जारी नहीं किया। साथ ही, शराब पीने की आशंका के बावजूद ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराए बिना ही उसे अस्पताल भेज दिया।
इसके अलावा, उन पर वरीय अधिकारियों को गुमराह करने, समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने तथा घटना की सूचना समय पर नहीं देने का भी आरोप है।
पुलिस निरीक्षक सह अंचल निरीक्षक, बांका की जांच रिपोर्ट एवं अनुशंसा के आधार पर पुलिस अधीक्षक, बांका ने प्रथम दृष्टया आरोपों को सही पाते हुए राम मोहन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस विभाग में लापरवाही के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति को दर्शाती है ।
इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि बांका पुलिस में कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि कोई पुलिस पदाधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतेगा या नियमों की अनदेखी करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस कप्तान अमितेश कुमार का यह सख्त रुख पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही आम जनता में यह भरोसा भी मजबूत हुआ है कि शिकायतों और मामलों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका ।
कर्तव्य में लापरवाही पर पुलिस कप्तान का बड़ा एक्शन, तत्कालीन बाराहाट प्रभारी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार निलंबित






