Home / News / छह महीने पहले पाइप बिछी, अब तक घरों में नहीं पहुंचा नल का पानी

छह महीने पहले पाइप बिछी, अब तक घरों में नहीं पहुंचा नल का पानी

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

उजियारपुर की अंगारघाट पंचायत में नल-जल योजना पर उठे सवाल, वार्ड-4 में नदी का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

समस्तीपुर/उजियारपुर। सरकार की हर घर नल का जल योजना के दावों के बीच उजियारपुर प्रखंड की अंगारघाट पंचायत से पेयजल व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। पंचायत के करीब आधे दर्जन वार्डों में पाइपलाइन बिछाए जाने के बावजूद अब तक घरों तक नल का पानी नहीं पहुंचने की शिकायत सामने आई है। पानी की समस्या से परेशान वार्ड संख्या-4 के कई ग्रामीणों को बूढ़ी गंडक नदी के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह महीने पहले इलाके में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम कराया गया था। इसके बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही घरों में नल से पानी मिलने लगेगा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल की समस्या के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, काम में देरी को लेकर जब संवेदक से जानकारी ली गई तो योजना की राशि समाप्त होने की बात कही गई। वहीं, जिला पार्षद अमृत चौधरी ने दावा किया कि उनके क्षेत्र के करीब 20 से 25 वार्डों में नल-जल योजना से जुड़ी पेयजल समस्या बनी हुई है। उन्होंने मामले की जांच कर अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

जिला पार्षद ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे ग्रामीणों के साथ सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाएंगे।

विभाग का पक्ष : काम प्रगति पर, जल्द शुरू होगी जलापूर्ति

मामले को लेकर कार्यपालक अभियंता, समस्तीपुर कुमार अभिषेक से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित संवेदक से बात की गई है और काम कराया जा रहा है। उनके अनुसार, संबंधित स्थान पर नया कार्य कराया जा रहा है, जो पूर्व की नल-जल योजना में शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि काम प्रगति पर है और जल्द ही इसे पूरा कराकर जलापूर्ति शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

अब देखना यह है कि छह महीने पहले बिछाई गई पाइपलाइन के बाद ग्रामीणों के घरों तक नल का पानी कब पहुंचता है और पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को कब राहत मिलती है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now