राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से स्कूल और कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल और दिल्ली यूनिवर्सिटी के मशहूर सेंट स्टीफंस कॉलेज को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि वहां बम रखा गया है। जैसे ही यह खबर सामने आई, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड और स्पेशल स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों संस्थानों को एहतियातन खाली करवा लिया गया।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों की नजर हर पहलू पर बनी हुई है।

बता दे की दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब तीन स्कूलों — दो सीआरपीएफ स्कूल और चाणक्यपुरी का नेवी चिल्ड्रन स्कूल — को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। इस खबर के सामने आते ही स्कूलों को तुरंत खाली कराया गया और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की टीमों ने पूरे इलाके की गहन जांच की, लेकिन कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। द्वारका और रोहिणी के पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी स्कूलों की जांच पूरी तरह से की गई और धमकी फर्जी निकली। इसके बावजूद सुरक्षा में कोई ढील नहीं बरती गई और पूरा ऑपरेशन सावधानीपूर्वक अंजाम दिया गया।
साथ ही आपको बता दे की पुलिस अब धमकी भरे ईमेल की जांच में जुटी है और साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेल कहां से और किसने भेजा। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। अधिकारियों ने कहा कि वे हर तरह की सूचना को गंभीरता से ले रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में भी कई स्कूलों को इसी तरह की फर्जी धमकियां मिली थीं, जिससे बच्चों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में काफी बेचैनी फैल गई थी।
रिपोर्ट:- कनक चौहान






