Home / News / विधि व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, भूमि विवादों का हो त्वरित निपटारा : एसडीओ

विधि व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, भूमि विवादों का हो त्वरित निपटारा : एसडीओ

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

थानाध्यक्षों के साथ बैठक में राकेश कुमार ने दिए निर्देश, नीलाम वादों के निष्पादन में तेजी और नोटिस तामिला पर जोर

समस्तीपुर । अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, भूमि विवादों का त्वरित निपटारा करने तथा नीलाम वादों के निष्पादन में तेजी लाने को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

एसडीओ ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि विधि व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विधि व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

भूमि विवादों की समीक्षा के दौरान एसडीओ ने आपसी समन्वय और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद कई बार कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बनते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।

बैठक में नीलाम वादों के निष्पादन को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को लंबित नीलाम वादों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने तथा नोटिस की तामिला सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पारदर्शिता के साथ कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को राहत मिलने के साथ राजस्व वसूली में भी वृद्धि हो सके।

बैठक के दौरान सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विधि व्यवस्था, भूमि विवाद एवं लंबित मामलों से संबंधित स्थिति की जानकारी एसडीओ के समक्ष रखी। एसडीओ ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दिए गए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now