झालावाड़ 20 अगस्त। जिले सहित पूरे प्रदेश में 22 अगस्त को कृमि मुक्ति दिवस आयोजित कर 1 से 19 साल तक की उम्र के 07 लाख 01 हजार 07 सौ तीन लक्षित बच्चों, किशोर-किशोरियों को कृमि नाशक दवा खिलाई जायेगी। पेट में कीड़े (कृमि) से निजात दिलाने वाली यह दवा प्रदेश के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और आंगनबाड़ी केन्द्रों पर निःशुल्क खिलाई जायेगी।
उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प.क.) डॉ. अरविन्द कुमार नागर ने बताया कि 22 अगस्त को 6 साल से 19 साल तक के सभी बच्चों को विद्यालय-महाविद्यालयों में एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों पर 1 से 5 साल तक के सभी बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवी संस्थानों के सहयोग से सम्पूर्ण प्रदेश में यह कार्यक्रम संचालित किया जायेगा और मॉप-अप राउंड 29 अगस्त को आयोजित कर पहले दिन दवा खाने से छूट गये बच्चों को दवा खिलाई जा सकेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया बच्चों के पेट में कृमि संक्रमण एक आम संक्रमण है। जिसके कारण से पेट की आंतों में कृमि उत्पन्न होने से शरीर के पोषक तत्वों को वह खा जाते हैं और इसके कारण खून की कमी और कुपोषण के साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि सभी लाभार्थी बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाने के लिए व्यापक तैयारियां पूर्ण की जा चूकि है। चिकित्सा विभाग आमजन से अपील करता है कि सभी लाभार्थी बच्चों को कृमि नाशक दवा अवश्य खिलायें।







