Home / Updates / सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर दिया आत्मनिर्भरता का संदेश…..

सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर दिया आत्मनिर्भरता का संदेश…..

अनूपपुर 25 सितंबर 2025: शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, पुष्पराजगढ़ विधायक श्री फुंदेलाल सिंह मार्काे एवं कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने आज जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ परिसर में आयोजित आदि सेवा पर्व कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग ने अपनी-अपनी योजनाओं व गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

सांसद श्रीमती सिंह ने राष्ट्रीय पोषण माह के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आजीविका मिशन से जुड़ी बहन श्रीमती उर्मिला सिंह से संवाद कर उनकी आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सांसद ने स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देते हुए उनसे कोदो एवं सत्तू खरीदा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की डिजिटल इंडिया पहल को बढ़ावा देते हुए ऑनलाइन बारकोड स्कैन कर भुगतान किया। सांसद द्वारा किए गए इस प्रयास की सभी ने सराहना की।

इसके पश्चात सांसद ने पोषण प्रदर्शनी में स्थानीय महिलाओं द्वारा बनाए गए विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी ली। उन्होंने खीर एवं सत्तू का स्वाद चखते हुए इनकी गुणवत्ता की प्रशंसा की और कहा कि पौष्टिक भोजन ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक परिवार को संतुलित आहार अपनाना चाहिए।

इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ विषय पर लगाए गए प्रदर्शनी का भी उन्होंने अवलोकन किया। सांसद ने विभागीय अधिकारियों से विभाग द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण तभी संभव है जब वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हों, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक महिला तक पहुँचना चाहिए।

इस दौरान विधायक श्री फुंदेलाल सिंह मार्काे एवं कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने भी विभागीय प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आदि सेवा पर्व जनजातीय समाज को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ने का एक प्रभावी मंच है, जिससे समाज का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा। जनपद पंचायत परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएँ और जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

रिपोर्ट : यशपाल जाट

Tagged:
[post-views]
Share
Now