Home / News / मानसून अलर्ट: जिला प्रशासन सतर्क मोड में, जिला कलक्टर ने दिए सख्त निर्देश

मानसून अलर्ट: जिला प्रशासन सतर्क मोड में, जिला कलक्टर ने दिए सख्त निर्देश

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

बिजली, जल आपूर्ति, बांधों की सुरक्षा और पिकनिक स्थलों पर
निगरानी को लेकर हुई विस्तृत समीक्षा बैठक

झालावाड़, 14 जुलाई। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिले में सक्रिय मानसून के चलते लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बैठक में बिजली-पेयजल आपूर्ति, बांधो और जलस्रोतों की स्थिति और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी प्रमुख विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बिजली व्यवस्था रहे सुचारु, चोरी पर चलेगा सख्त अभियान

जिला कलक्टर राठौड़ ने डिस्कॉम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु में बिजली आपूर्ति निरंतर एवं स्थिर बनी रहनी चाहिए। फॉल्ट और फ्लक्चुएशन की शिकायतों को शीघ्रता से दूर किया जाए, सभी आवश्यक मेंटेनेंस कार्य समय रहते पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि आमजन को मानसून में बिजली की समस्या से दो-चार न होना पड़े इसके लिए फील्ड टीम्स अलर्ट मोड पर रहें।
बिजली चोरी पर ‘नो टॉलरेंस‘ नीति अपनाते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि एक विशेष अभियान चलाकर विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।

बांधों और जलस्रोतों पर रहेगी सतत निगरानी

जिला कलक्टर राठौड़ ने जल संसाधन विभाग से जिले में वर्षा, बांधों की स्थिति और जलस्तर की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रमुख व लघु बांधों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

पिकनिक स्थलों पर लापरवाही नहीं चलेगी – सुरक्षा के हो पुख्ता इंतजाम

मानसून में आमजन बांधों, नदियों और झीलों पर घूमने-फिरने या पिकनिक के लिए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इस पर चिंता जताते हुए कलक्टर ने निर्देश दिए कि चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, असुरक्षित क्षेत्रों में प्रवेश निषेध किया जाए, पुलिस, होमगार्ड व रेस्क्यू टीम्स की निगरानी और तैनाती की जाए।

आमजन से अपील – जलस्रोतों से दूरी और सजगता रखें

जिला कलक्टर राठौड़ ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे बांधों, नदियों और जलस्रोतों के निकट अनावश्यक रूप से न जाएं। यदि जाएं भी तो पूरी सावधानी और परिवार की जिम्मेदारी के साथ जाएं। बच्चों को अकेले जल स्थलों पर न भेजें और प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन करें।

पेयजल शुद्धता रहे प्राथमिकता – पीएचईडी को निर्देश

जिला कलक्टर ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान जल स्रोतों की नियमित सफाई और शुद्धिकरण किया जाए, शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

हरियालो राजस्थान अभियान में तेजी – 26 लाख पौधों का लक्ष्य

बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 26 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 10 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। जिला कलक्टर ने कहा कि बरसात के यही उपयुक्त दिन हैं। विभागीय समन्वय से पौधारोपण की गति और व्यापकता को बढ़ाया जाए।

साप्ताहिक बैठक में जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभुदयाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण सहित सभी विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now