बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। अंजनी गांव की एक विवाहिता के लापता होने के बाद उसके पति ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्मांतरण कराने की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक के घर पर दबिश दी और महिला को बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम अंजनी निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी सर्वेश 5 अगस्त की सुबह करीब चार बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। पति ने गांव के ही गुड्डू शाह नामक युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया और धर्मांतरण की आशंका भी जताई।
शुक्रवार को रामकुमार को सूचना मिली कि उसकी पत्नी आरोपी युवक के घर में मौजूद है। सूचना मिलते ही सिरौली पुलिस हरकत में आई और टीम के साथ युवक के घर पर छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान महिला के बच्चे घर में मिले, जबकि महिला घर में रखे डबल बेड के नीचे छिपी हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने महिला और युवक दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और पूछताछ शुरू कर दी।
रोहित कुमार, थाना प्रभारी सिरौली ने बताया कि पति की तहरीर और सूचना के आधार पर महिला को बरामद कर लिया गया है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। अभी तक धर्मांतरण या अन्य आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





