रजत मल्होत्रा
संभल। 16 अक्टूबर 2026: विश्व हिंदू परिषद मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में पावन पर्व दुर्गाष्टमी के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में भारी संख्या में मातृ शक्ति एवं बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। पूरा पंडाल माँ दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मातृ शक्ति की जिला संयोजिका दीपा वार्ष्णेय रही । उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में नारी शक्ति और संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा का स्वरूप हमें धर्म की रक्षा और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार की प्रेरणा देता है। आज के समय में मातृ शक्ति को संगठित होकर अपनी आंतरिक शक्ति और जिम्मेदारियों को पहचानने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूनम शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए समाज निर्माण, संगठन और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में नारी की भूमिका को रेखांकित किया।
समारोह के सफल और सुचारू संचालन में व्यवस्थापिकाओं का विशेष योगदान रहा। संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्था पुष्पा जी और कनिका ने बहुत ही कुशलता और जिम्मेदारी के साथ संभाली, जिससे पूरा आयोजन निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में माँ दुर्गा की भव्य आरती उतारी गई एवं उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर संगठन की अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।






