देहरादून में वकीलों का विरोध प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार से शुरू हुआ यह आंदोलन अब नए रूप में दिख रहा है। देहरादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ता पुराने जिला जज परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रैन बसेरा बनाए जाने के प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं। वकीलों की मांग है कि इस जगह पर रैन बसेरा न बनाकर अधिवक्ताओं के लिए चेंबर का निर्माण किया जाए।
इसी मांग को लेकर अधिवक्ता रोजाना सांकेतिक रूप से सड़क जाम कर रहे हैं। सोमवार को सुबह करीब 10:30 से 11:30 बजे तक हरिद्वार रोड पर चक्का जाम हुआ, जबकि मंगलवार को यह जाम दो घंटे यानी 10:30 से 12:30 बजे तक चला। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को चक्का जाम के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह मौके पर पहुंचे। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रशासन के हस्तक्षेप के बावजूद अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वे अपने विरोध की अवधि बढ़ाते रहेंगे।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






