अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा //जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमापाली (तिलकेजा) में देर रात आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। पीड़ित सुनील कुमार दवागंन ने थाना उरगा में दिए आवेदन में बताया है कि 8 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे उन्हें आग जलने की बदबू महसूस हुई। घर से बाहर निकलकर देखने पर आंगन में रिपेयरिंग के लिए खड़ी मोटरसाइकिल में आग लगी हुई थी।
देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और घर की ओर फैलने लगी। स्थिति को गंभीर देखते हुए परिवार के लोगों को सुरक्षित स्थान पर हटाया तथा फायर ब्रिगेड और डायल-112 को सूचना दी। हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों और परिजनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
आगजनी की इस घटना में एक मोटरसाइकिल, तीन स्कूटी और दो साइकिल जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रार्थी के अनुसार इस घटना से लगभग 5 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित का कहना है कि आग कैसे लगी, इसकी जानकारी उसे नहीं है। मामले की सूचना उरगा थाना में दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतनी बड़ी आग कैसे लगी और इसके पीछे कोई दुर्घटना है या फिर किसी की शरारत। इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।








