कैराना क्षेत्र के खुरगान गांव में बाइक सवार युवक की लूट का विरोध करने पर हत्या कर दी गई। युवक अपने साले के लिए एक लाख रुपये के नोटों का हार लेकर जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे चाकुओं से गोदकर मार डाला।
अपने साले के लिए नोटों का हार लेकर जा रहे बाइक सवार युवक की लूट का विरोध करने पर चाकुओं से गोदकर और गला काटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपये का हार और बाइक लूटकर फरार हो गए। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। कैराना के गांव खुरगान निवासी इमलाक की गुरुवार को बारात जानी है। शादी समारोह को लेकर उसका रिश्ते का जीजा शाहनवाज (26) निवासी झारागढ़ी थाना गन्नौर जनपद सोनीपत हरियाणा अपनी पत्नी महफरीन के साथ गुरुवार सुबह दस बजे बाइक से कैराना से नोटों का हार लेकर जा रहा था।
जब वह खुरगान मार्ग से जा रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया। इसके बाद उससे नोटों का हार लूटने लगे, जिसके विरोध करने पर उस पर चाकू से वार किए गए और गला काट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपये के नोटों का हार और बाइक लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एएसपी संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीएचसी में परिजनों से जानकारी हासिल की। बदमाशों की संख्या चार से पांच बताई जा रही है। एएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि युवक के गले और सीने पर चाकू से वार किए गए हैं, जिससे उसकी मौत हो गई है। मृतक की पत्नी अभी अधिक बताने की स्थिति में नहीं है। लूट के बारे में जानकारी की जा रही है।






