दिल्ली के सफदरजंग इलाके में दिल्ली न्यायिक सेवा के एक अधिकारी के कथित आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कड़कड़डूमा कोर्ट में कार्यरत थे। उनका निवास ग्रीन पार्क क्षेत्र में बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों को भी खंगाला जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। उन्होंने वर्ष 2018 में सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे से बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने आपराधिक और सिविल मामलों से जुड़े विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के रूप में सेवाएं दीं।
बताया गया है कि 18 अक्तूबर 2025 से वे कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्वी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव के पद का दायित्व संभाल रहे थे।






