Home / Events / हाथरस में पत्रकार की हत्या से सनसनी, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप

हाथरस में पत्रकार की हत्या से सनसनी, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप

हाथरस। जिले में पत्रकार वेदप्रकाश उर्फ सोनू की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। उनका शव थाना सहपऊ क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एक नाले में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक पत्रकार वेदप्रकाश ने पहले ही अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उन्होंने इस संबंध में सदर कोतवाली में नामजद शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते यह घटना घटित हुई।
परिजनों का कहना है कि मकान विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से वेदप्रकाश उर्फ सोनू की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि यदि पुलिस पहले ही शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करती, तो आज यह दुखद घटना नहीं होती।
मंगलवार को पत्रकार का शव नाले में बरामद होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
पत्रकारों में आक्रोश, एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन
घटना के बाद जिले भर के पत्रकारों में भारी रोष है। बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आरोपियों के तत्काल एनकाउंटर की भी मांग उठाई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि परिजन और पत्रकार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं

Tagged:
[post-views]
Share
Now