बखरी (बेगूसराय)। बखरी विधायक सह बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान के निर्देश पर मंगलवार को ग्रामीण कार्य विभाग की टीम ने राटन पंचायत के बगरस ढाला से बभाईन जाने वाली जर्जर सड़क का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ब्रह्मदेव नगर स्थित चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग के एसडीओ रवि कुमार चौधरी एवं कनीय अभियंता सौरव कुमार ने सड़क और पुल निर्माण से संबंधित तकनीकी स्थिति का अवलोकन किया। एसडीओ रवि कुमार चौधरी ने बताया कि चंद्रभागा नदी पर पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। साथ ही बगरस ढाला-बभाईन सड़क की मरम्मत कराई जाएगी तथा जहां-जहां जलजमाव की समस्या है, उसे भी दूर करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर राटन पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य एवं लोजपा (रामविलास) प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान ने कहा कि मंत्री संजय पासवान का संकल्प है कि अगले पांच वर्षों में पूरे बखरी विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों, पुलों और पुलियों को दुरुस्त किया जाएगा। जहां मरम्मत संभव होगी वहां सुदृढ़ीकरण किया जाएगा और जहां आवश्यकता होगी वहां नए निर्माण कराए जाएंगे। जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि ब्रह्मदेव नगर में चंद्रभागा नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीण पिछले 15 वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। अब लोगों को उम्मीद है कि मंत्री संजय पासवान के प्रयास से बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान लोजपा (रामविलास) प्रखंड उपाध्यक्ष अमरजीत कुमार कुशवाहा, भगवान लाल पासवान, अग्निदेव पासवान, पांडव यादव, जगदीश यादव, पप्पू यादव, रामबालक महतो, सोनेलाल पासवान, बंगाली पासवान, उमेश पदार, छोटू पासवान, नरेश पासवान, सुखदेव तांती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।






