भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हराकर महिला विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। नवी मुंबई में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में जेमिमा रॉड्रिग्ज़ और कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार साझेदारी ने भारत को जीत की राह दिखाई। जैसे ही जेमिमा ने विजयी चौका लगाया, पूरा स्टेडियम “इंडिया-इंडिया” के नारों से गूंज उठा। जेमिमा भावुक हो गईं और उनके आंसू खुशी की कहानी कह रहे थे।ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 338 रन बनाए थे। जवाब में भारत की शुरुआत कुछ कमजोर रही — शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना जल्दी आउट हो गईं। लेकिन इसके बाद मैदान पर उतरी जेमिमा और हरमनप्रीत ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर 167 रनों की जबरदस्त साझेदारी की और मैच को पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। हरमनप्रीत 89 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि जेमिमा ने 134 गेंदों पर 127 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को 48.3 ओवर में जीत दिला दी।ऑस्ट्रेलिया की ओर से फोएबे लिचफील्ड ने 119 रनों की पारी खेली, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए उन्हें 49.5 ओवर में समेट दिया। अब भारत तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचा है — 2005 और 2017 के बाद एक बार फिर देश को ट्रॉफी की उम्मीद है। रविवार को भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा, और पूरे देश की निगाहें इस ऐतिहासिक मुकाबले पर टिकी हैं। अब वक्त है इतिहास को सोने के अक्षरों में लिखने का चलो लेकर आओ कप, महिलाएं ब्लू की शान!






