Home / News / हरिद्वार बंजारा वाला मगरमच्छ प्रकरण में जन अधिकार पार्टी जनशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली का बड़ा बयान डीएफओ अनिरुद्ध के खिलाफ हो हत्या का मुकदमा दर्ज

हरिद्वार बंजारा वाला मगरमच्छ प्रकरण में जन अधिकार पार्टी जनशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली का बड़ा बयान डीएफओ अनिरुद्ध के खिलाफ हो हत्या का मुकदमा दर्ज

हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला में 1 मई 2026 को हुई दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। चीला नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक राजा पुत्र प्रमोद पर मगरमच्छ ने हमला कर उसे पानी में खींच लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। अगले दिन सुबह ग्रामीणों द्वारा उसका शव बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने इस घटना को बेहद गंभीर प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए वन विभाग पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन की वजह से नदी में जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने के कारण मगरमच्छ जैसे खतरनाक जीवों का ठिकाना बन चुका है। यह सब वन विभाग की मिलीभगत से हो रहा है और क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन लगातार जारी है।
आजाद अली ने आरोप लगाया कि डीएफओ अनिरुद्ध और संबंधित विभाग अपने निजी हित साधने में लगे हुए हैं और कहीं न कहीं खनन माफियाओं के साथ उनकी सांठगांठ है। उन्होंने कहा कि यह घटना कोई अचानक हुई दुर्घटना नहीं है, बल्कि प्रशासन और वन विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां पिछले वर्ष भी मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी। उस समय विभाग द्वारा औपचारिक कार्रवाई कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। यदि समय रहते उचित कदम उठाए जाते, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती।
जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और डीएफओ अनिरुद्ध के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही अवैध खनन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) जनहित में बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Tagged:
[post-views]
Share
Now