उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एकतरफा प्यार की दर्दनाक तस्वीर सामने आई। शनिवार को रानी मंदिर में पूजा कर रही बीएससी छात्रा दिव्यांशी राठौर (21) को पड़ोसी युवक राहुल दिवाकर ने तीन गोलियां मार दीं। गंभीर हालत में दिव्यांशी को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
राहुल, जो पहले भी परिवार पर फायरिंग कर चुका था, दिव्यांशी से जबरन शादी करना चाहता था। जब उसे लड़की की शादी की बात पता चली, तो उसने सनकी कदम उठा लिया। वारदात के तीन घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में पकड़ लिया। पैर में गोली लगने के बाद भी वह हंसता मिला। पूछताछ में बोला – फिल्म देखकर कर डाला।
पुलिस ने राहुल से तमंचा और बाइक बरामद की है। अब उस पर हत्या के प्रयास और पुलिस पर हमले का केस दर्ज हुआ है। डीआईजी ने केस को फास्ट ट्रैक में चलाने और सख्त सजा दिलाने की बात कही है। परिवार में मां और चार बेटियां हैं, जिनमें दिव्यांशी तीसरे नंबर पर है। पूरा इलाका राहुल से डरता था, अब इंसाफ की आस लगाए बैठा है।






