जोधपुर जिले के ओसियां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में भीनमाल निवासी व्यापारी भंवरलाल(50) पुत्र प्रताप माली की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ओसियां के निकट चाडी गांव के पास हुआ, जब उनकी कार एक बस से भिड़ गई।
हादसे में भंवर माली के पुत्र अरविंद, विनय, पत्नी संतोष देवी एवं ऊषा पत्नी कालू राम, महेंद्र कुमार, कार चालक दिलीप कुमार सेन घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दिलीप, महेंद्र, ऊषा और संतोष देवी को जोधपुर के मथुरा दास माथुर हॉस्पिटल रेफर किया गया।

ओसियां थाना एएसआई प्रकाश ढाका ने बताया कि भंवर माली सुबह ओसियां माताजी के दर्शन कर पुत्र को सीकर भेजने के लिए रवाना हुए थे। ओसियां से कुछ दूरी पर विकट मोड पर सामने से आ रही बस से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भंवर माली कार में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शव को तार की मदद से बाहर निकाला गया।
भंवर माली के निधन की खबर मिलते ही भीनमाल में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय व्यापारियों और परिचितों ने गहरा दुःख व्यक्त किया।
मृतक के भाई बाबूलाल की रिपोर्ट पर ओसियां पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है
रिपोर्ट भरत सोलंकी जिला ब्यूरो जालौर






