देश में सोना और चांदी की कीमतों ने आम लोगों को चौंका दिया है। एक सितंबर को एमसीएक्स पर सोना पहली बार 1,04,792 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जो पिछले भाव से करीब 2,400 रुपये ज्यादा है। वहीं चांदी भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई और 1,23,250 रुपये प्रति किलो बिक रही है। अचानक आई इस तेजी ने न सिर्फ़ निवेशकों बल्कि शादी-ब्याह की तैयारी कर रहे परिवारों की भी चिंता बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर में कमजोरी, फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और ट्रंप टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितताओं ने सोने-चांदी की कीमतों को रफ्तार दी है। भू-राजनीतिक तनाव और बढ़ती मांग ने भी इस तेजी को और मजबूत किया है। जानकारों का कहना है कि अगर यही रफ्तार रही तो इस साल सोना 1.08 लाख रुपये और चांदी 1.30 लाख रुपये तक जा सकती है। यानी निवेशकों के लिए यह मुनाफे का मौका है, लेकिन आम उपभोक्ता के लिए जेब पर भारी पड़ने वाला झटका।






