लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
ताजपुर/समस्तीपुर। ताजपुर थाना क्षेत्र के चक पहाड़ गांव में अपराध की योजना बना रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, एक खाली मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को सूचना मिली थी कि चक पहाड़ में कुछ लोग एकत्र होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के दौरान पुलिस टीम जब चक पहाड़ स्थित दयानंद गिरि के घर के पास पहुंची तो एक युवक पुलिस की गतिविधि देखकर भागने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम हरेराम गिरि बताया।
पूछताछ में हरेराम गिरि ने पुलिस को बताया कि दलसिंहसराय कोनैला जेल में बंद उसके भाई सन्नी गिरि के माध्यम से हथियार और गोली छिपाकर रखने के लिए दिए गए थे। उसकी निशानदेही पर उसके बथान में जमीन के अंदर खुदाई कर प्लास्टिक के डिब्बे से दो पिस्टल, एक खाली मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में हरेराम गिरि ने कथित तौर पर बताया कि हथियार और कारतूस शशांक शेखर उर्फ निशांत ने दिए थे। पुलिस के मुताबिक, हरेराम का परिचय राजन कुमार और शिवनाथ मिश्रा उर्फ चिंटू से भी था और ये लोग उजियारपुर थाना क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
इसके बाद पुलिस टीम ने ताजपुर और उजियारपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर हरेराम गिरि (22), शशांक शेखर उर्फ निशांत (19), राजन कुमार और शिवनाथ मिश्रा उर्फ चिंटू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में ताजपुर व उजियारपुर थाना पुलिस के पदाधिकारियों के साथ एसटीएफ और एसडीआरएफ टीम के जवान शामिल रहे।






