टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राठौड़ ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे गंधर्व विवाह किया और बाद में उन्हें पत्नी मानने से इंकार कर दिया। सनावर ने वीडियो जारी कर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की है।
उर्मिला के अनुसार, कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि राठौड़ की पहली पत्नी रविंदर कौर जीवित हैं। विरोध करने पर राठौड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके चरित्र पर सवाल उठाए और उन्हें हनी-ट्रैप गिरोह से जुड़ा बताया। अभिनेत्री का आरोप है कि यह सब एक राजनीतिक साजिश है क्योंकि वह भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने बताया कि 12 जून 2022 को उनकी मुलाकात संत रविदास आश्रम के आचार्य एवं पूर्व विधायक राठौड़ से हुई। बातचीत बढ़ने के बाद उन्हें बुग्गावाला स्थित आश्रम में लंच पर बुलाया गया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उनका वीडियो बनाया गया। इसके बाद ब्लैकमेलिंग शुरू हुई और 4 अक्टूबर 2022 को नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में उन्हें गंधर्व विवाह करना पड़ा।
उर्मिला का कहना है कि इस विवाह की जानकारी राठौड़ ने मीडिया से छिपाए रखी। विरोध के बाद जून 2024 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने उन्हें पत्नी माना, लेकिन कुछ दिनों बाद इससे मुकर गए।

अभिनेत्री का आरोप है कि राठौड़ ने मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी और धमकी दी कि यदि उन्होंने ज्वालापुर में कदम रखा तो जान से मार दिया जाएगा। उनका दावा है कि राठौड़ को डर है कि यदि उन्हें ज्वालापुर से टिकट मिला तो उनकी राजनीति प्रभावित होगी।
उन्होंने कहा कि यह मामला ‘पति-पत्नी और वो’ का नहीं, बल्कि सत्ता और ज्वालापुर सीट पर हो रही राजनीति का परिणाम है। उर्मिला का कहना है कि उन्होंने पहले भी हरिद्वार SSP कार्यालय में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हाल ही में जारी वीडियो में उर्मिला ने कहा कि चार साल से उनका शारीरिक और मानसिक शोषण हो रहा है और अब वह न्याय की मांग कर रही हैं। उनका आरोप है कि पूर्व विधायक की पत्नी और बेटी ने भी उन्हें ब्लैकमेल किया और उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी।






