सागर — किसान रथ यात्रा के तहत आज ग्राम महादेवखेड़ी, सिरचोपी, लखहार और भोजपुर में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। क्षेत्र के किसानों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बढ़ चढ़कर इस अभियान में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय ने किसान रथ यात्रा के उद्देश्य एवं महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने किसानों को जैविक खेती, ई-टोकन प्रणाली, संतुलित उर्वरक उपयोग और संतुलित सिंचाई प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी।
इस मौके पर कृषि विस्तार अधिकारी दीपेश मोगे, प्रताप बागरी, सचिन, ऋषि यादव, अभिषेक कौशिक भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का महत्व बताया और कहा कि मृदा परीक्षण के आधार पर खेती करने से उत्पादन में वृद्धि और लागत में कमी संभव है।
किसानों को बताया गया कि ई-टोकन प्रणाली से फसल विक्रय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनती है, जिससे उन्हें उपज का उचित मूल्य मिलता है। साथ ही जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की सेहत सुधारने और लागत घटाने के उपाय भी साझा किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने इस पहल को अत्यंत लाभकारी बताया और कृषि विभाग के प्रयासों की सराहना की। किसान रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य किसानों को जागरूक, आत्मनिर्भर और उन्नत कृषि की दिशा में प्रेरित करना है।
सागर (मध्यप्रदेश)
लालसाहब लोधी









