Home / News / समस्तीपुर में WASH सेवाओं को बेहतर बनाने की कवायद, पांच पंचायतों के प्रतिनिधियों को सर्वे ऐप का प्रशिक्षण

समस्तीपुर में WASH सेवाओं को बेहतर बनाने की कवायद, पांच पंचायतों के प्रतिनिधियों को सर्वे ऐप का प्रशिक्षण

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और स्वच्छता सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल के तहत बुधवार को जिला विकास अभिकरण (DRDA) सभागार में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की पांच ग्राम पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, प्रखंड समन्वयक एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों को SLB Survey App के संचालन और उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में यूनिसेफ के निखिल कुमार, DRDA समस्तीपुर के निदेशक (लेखा) आशुतोष आनंद तथा जिला समन्वयक मो. हसनैन अनवर सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रशिक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने पंचायत स्तर पर पेयजल, स्वच्छता और स्वच्छता व्यवहार से संबंधित सेवाओं का डिजिटल सर्वे के माध्यम से सटीक एवं पारदर्शी डेटा संग्रह करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पंचायत स्तर पर सेवाओं में मौजूद कमियों की पहचान कर उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

यूनिसेफ एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को सर्वे ऐप के तकनीकी पहलुओं, नियमित अनुश्रवण तथा डेटा आधारित योजना निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी दी।

उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल और सुदृढ़ स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों और स्वच्छता कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डिजिटल सर्वे के माध्यम से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर बेहतर कार्ययोजना तैयार कर WASH सेवाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में जिले के पांच प्रखंडों से आए पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, प्रखंड समन्वयकों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों तथा विभागीय पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now