राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को आयोजित एक विरोध-प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ धक्का-मुक्की और हंगामे की घटना सामने आई है। शहीद स्मारक पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर अभिजीत दीपके को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए हालात को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी और छात्र-युवा मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दे केवल परीक्षा अनियमितताओं तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि छात्र, युवा और अभिभावक पारदर्शी एवं जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। साथ ही शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधारों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
अभिजीत दीपके रविवार देर रात जयपुर पहुंचे थे। प्रदर्शन के लिए जयपुर पुलिस ने निर्धारित शर्तों के साथ अनुमति दी थी। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में अधिकतम 800 लोगों की भागीदारी की अनुमति दी गई थी और आयोजकों को कानून-व्यवस्था तथा यातायात प्रभावित नहीं करने के निर्देश भी दिए गए थे।
सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी पार्टी की शुरुआत
अभिजीत दीपके ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हुई थी। उनके अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद ‘कॉकरोच’ शब्द चर्चा में आया था। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी गठन की घोषणा की थी। दीपके का दावा है कि उस समय उनके अकाउंट पर 20 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे और बड़ी संख्या में युवाओं ने उनके विचारों का समर्थन किया।
कई शहरों में हो चुके हैं प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी का दावा है कि वह शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चला रही है। संगठन की ओर से इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर, पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए जा चुके हैं।
फिलहाल जयपुर में हुई थप्पड़बाजी की घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।






