लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में उद्योग विभाग के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, उद्यमियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उद्योग एवं स्वरोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं लंबित आवेदनों के साथ लाभुकों को उपलब्ध कराए जा रहे ऋण एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ पात्र आवेदकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने बैंक स्तर पर लंबित ऋण आवेदनों की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से पात्र लाभुकों के आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक रूप से किसी आवेदन को लंबित नहीं रखने को कहा। साथ ही ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग के अधिकारियों को नए उद्यमों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के साथ पूर्व से संचालित औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने उद्यमियों को विभागीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं एवं उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी देने और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उद्योग एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाएं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने तथा आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में विभाग और बैंक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं।
बैठक में उप विकास आयुक्त, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, उद्योग विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।







