रिपोर्ट संजय मिश्रा
चित्रकूट – आज दिनांक 23 नवंबर 2025 को जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग द्वारा ‘तुलसीदास जी की जन्मस्थली राजापुर का समग्र पर्यटन विकास परियोजना (स्वीकृत लागत ₹2089.26 लाख तथा स्वीकृति तिथि 14.09.2023) अंतर्गत विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया गया। यह परियोजना उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता तथा ठेकेदार प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम डॉर्मेट्री, लाइब्रेरी एवं मल्टीपरपज हॉल में हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फर्श पर लगाए जा रहे ग्रेनाइट का कलर सही नहीं है, जिसे किसी अन्य कलर का लगाया जाये, ताकि परिसर का सौंदर्य और उमरकर आए। जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना धार्मिक आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी निर्माण कार्य मानक के अनुरूप गुणवत्तापूरक पूर्ण करायें। कार्यदायी संस्था द्वारा बार-चार्ट नहीं बनाया गया, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कौन सा कार्य किस तिथि को पूर्ण होगा। निर्देश दिये कि संपूर्ण परियोजना का बार चार्ट उपलब्ध कराया जाए, जिसनें यह स्पष्ट हो सके कि निर्माण कार्य किस तिथि तक पूर्ण होगा। उनके द्वारा कहा गया कि तुलसीदास जी की जन्मस्थली से जुड़ी यह महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण होने पर चित्रकूट जिले के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान और नई ऊँचाइयों प्रदान करेगी।
तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा तुलसीदास जी के मन्दिर में पहुंचकर दर्शन एवं पूजन किया गया तथा उनके द्वारा हस्तलिखित रामायण का अवलोकन किया गया।






