Home / News / सागर में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न: त्योहारों पर सौहार्द, कानून-व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर दिए गए कड़े निर्देश

सागर में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न: त्योहारों पर सौहार्द, कानून-व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर दिए गए कड़े निर्देश

सागर, 21 अगस्त 2026
आगामी त्योहारों (मिलाद-उन-नबी एवं रक्षाबंधन आदि) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों को पूरी तरह धार्मिक ही रहने दें और उन्हें राजनीतिक रंग न दें। सभी जुलूस एवं आयोजन पूर्व निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकलेंगे और किसी भी नए मार्ग की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही आतिशबाजी और शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्णतः रोक रहेगी। उन्होंने सभी आयोजकों से आपसी भाईचारे और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत ने त्योहारों से पूर्व सभी नागरिक सुविधाएं दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को समयसीमा में कार्य करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को प्रमुख मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को पर्व के दौरान जिले भर में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और यातायात पुलिस को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था सुगम रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा तथा तेज आवाज में डीजे/लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी। खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सैंपलिंग अभियान चलाया जाएगा और संवेदनशील स्थलों पर चलित (मोबाइल) एम्बुलेंस व चिकित्सा दल तैनात रहेगा।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी अमल करने का आश्वासन दिया गया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now