यह हादसा केवल एक खबर नहीं, बल्कि उन परिवारों के लिए गहरा ज़ख्म है जिन्होंने अपनों को खोया है।हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में आज सुबह श्रद्धा के माहौल में अचानक अफरा-तफरी मच गई। मंदिर की ओर बढ़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ में अचानक भगदड़ मचने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए।घटना राम प्रसाद की गली में हुई, जहां से मंदिर की सीढ़ियाँ शुरू होती हैं। शुरुआती जानकारी में करंट फैलने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ लोग अफवाह फैलने को भी हादसे की वजह बता रहे हैं।गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि SSP प्रमेन्द्र कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और हालात पर नज़र रखी जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया और कहा कि एसडीआरएफ, पुलिस व स्थानीय प्रशासन तेजी से राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं।इस हादसे ने एक बार फिर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और कई परिवारों के लिए यह दिन सदमे और शोक में बदल गया।
श्रद्धा बना मातम: मनसा देवी मंदिर में भगदड़ का कहर, 6 की गई जान






