दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उस समय हमला हुआ जब वह अपने सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर आम लोगों की समस्याएं सुन रही थीं। जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति उनकी ओर आया, उन्हें कुछ दस्तावेज़ सौंपे और बातचीत का बहाना बनाकर अचानक हाथ पकड़कर सिर पर चोट पहुंचाई। घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी कौन है?
दिल्ली पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (उम्र 41) के रूप में की है, जो गुजरात के राजकोट का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि मेडिकल परीक्षण के बाद करेगी।
रेखा गुप्ता को मामूली सिर की चोट के बाद तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और उन्हें कुछ घंटे निगरानी में रखा गया है।
बीजेपी ने कहा है कि सीएम सुरक्षित हैं और जल्द ही जनसंपर्क कार्यक्रम दोबारा शुरू करेंगी।






