4 जुलाई की सुबह हाथरस के मुरसान क्षेत्र के गांव खरगू में कांवड़ यात्रा देखने की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। गांव की 28 वर्षीय कविता, जो अपने घर के छज्जे पर खड़ी होकर यात्रा देख रही थीं, अचानक छज्जा गिरने से मलबे में दब गईं। हादसे में कविता की सास, दो छोटे बेटे और दो पड़ोसी भी घायल हो गए।छज्जा इतना अचानक गिरा कि नीचे खड़े सभी लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और परिजन दौड़कर पहुंचे, किसी तरह मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल कविता को आगरा मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। कविता की सास राजवती देवी और दोनों बेटों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि पड़ोसी हरिशंकर और साहिल निजी अस्पताल में भर्ती हैं।गांव में इस हादसे से गमगीन माहौल है। जो उत्सव था, वो कुछ ही मिनटों में शोक में बदल गया। पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की।






