Home / News / पुलिसिया दमन के खिलाफ माले का प्रतिरोध, थानाध्यक्ष का पुतला दहन आज

पुलिसिया दमन के खिलाफ माले का प्रतिरोध, थानाध्यक्ष का पुतला दहन आज

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

उजियारपुर में चार नामजद समेत 20 अज्ञात पर दर्ज मुकदमे को बताया झूठा, पुलिस अधीक्षक से जवाब मांगने का ऐलान

समस्तीपुर/उजियारपुर। उजियारपुर पुलिस पर कथित दमनात्मक कार्रवाई और झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए भाकपा माले ने बुधवार को नाजिरपुर हाट परिसर में प्रतिरोध सभा आयोजित की। माले नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए मामले में पुलिस अधीक्षक से जवाब देने की मांग की। साथ ही उजियारपुर थानाध्यक्ष का पुतला दहन करने की घोषणा की गई।

माले नेता हेमंत सिंह की अध्यक्षता में हुई सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार ने आरोप लगाया कि सिंगल रास्ते पर पुलिस गश्ती वाहन को आगे जाने में हुई परेशानी के बाद पुलिस पदाधिकारी आक्रोशित हो गए। आरोप है कि कटोरिया से लौटे ट्रक से सामान उतार रहे युवकों के साथ पुलिस ने गाली-गलौज की और शराब का धंधा करने का आरोप लगाकर ट्रक की तलाशी ली।

पोद्दार ने दावा किया कि इसके बाद विवाद बढ़ने पर पुलिस ने राइफल छीनने, मारपीट करने और वर्दी पकड़ने समेत कई आरोप लगाते हुए चार नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान लोगों के साथ मारपीट की गई। एक हेपेटाइटिस-बी से पीड़ित नाबालिग के साथ भी कथित रूप से मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया। मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की बात भी सभा में कही गई।

महावीर पोद्दार ने कहा कि पुलिस की कथित बर्बरता और दमन को भाकपा माले बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

वहीं, भाकपा माले के उजियारपुर प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिस पुलिस पर है, उसी पर लोगों ने झूठा मुकदमा दर्ज करने और दमनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी।

सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया। गंगा प्रसाद पासवान ने उजियारपुर थानाध्यक्ष का पुतला दहन करने की घोषणा की।

सभा को मनोज कुमार राम, पप्पू यादव, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन दास, आरवाईए प्रखंड सचिव राहुल राय, उप सरपंच राम प्रीत सिंह, राम बालक सिंह, सुरेश सिंह, लाल बाबू राय, प्रमिला देवी, मणिमाला देवी, कृष्णा देवी, सविता देवी, नूतन देवी और मधुमाला देवी ने भी संबोधित किया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now