लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
15 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो उजियारपुर थाना पर अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल की चेतावनी
समस्तीपुर/उजियारपुर : नाजिरपुर में 27 अगस्त को बोलबम सेवा से लौट रहे युवाओं पर पुलिस कार्रवाई और मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में भाकपा-माले ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। नाजिरपुर हाट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह का पुतला फूंका और प्रतिरोध सभा कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने थाना कांड संख्या 323/026 और 297/026 को निरस्त करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए माले नेता फूलबाबू सिंह ने थानाध्यक्ष पर भ्रष्ट आचरण का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का मनोबल बढ़ रहा है और आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने निर्दोष लोगों पर कथित रूप से फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
15 दिन का अल्टीमेटम
किसान महासभा के जिला अध्यक्ष महावीर पोद्दार ने कहा कि थाना कांड संख्या 323/026 और 297/026 को निरस्त नहीं किया गया तो 15 दिनों के बाद उजियारपुर थाना के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई के खिलाफ पार्टी सड़क से लेकर थाना स्तर तक आंदोलन करेगी।
दुष्कर्म कांड के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग
माले नेताओं ने दलसिंहसराय थाना में दर्ज दुष्कर्म कांड संख्या 417/026 के आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। नेताओं ने नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने की गारंटी करने की मांग प्रशासन से की।
प्रतिरोध सभा की अध्यक्षता प्रखंड कमेटी सदस्य हेमंत कुमार सिंह ने की। सभा को प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, छात्र नेता रोहित कुमार पासवान, आरवाईए के प्रखंड सचिव राहुल राय, उप-सरपंच रामप्रीत सिंह समेत अशोक कुमार सिंह, मनोज राम, राम सुरेश सिंह, सुन्देश्वर सिंह, रामबली सिंह, अर्जुन दास, मो. फरमान, बुलबुल दास, पप्पू यादव, विपिन कुमार राम, मो. सकूर, मणिमाला देवी, सविता देवी और प्रमिला देवी आदि ने संबोधित किया।








