भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के नेताओं की मुलाकात की मांग ठुकरा दी है। विपक्षी नेता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJI को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें मुलाकात के बजाय अदालत में याचिका दाखिल करने की सलाह दी।
जानकारी के मुताबिक, CJI ने ईमेल के जरिए विपक्षी नेताओं को अपने फैसले की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि संबंधित मामला पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए इस मुद्दे पर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत का रुख किया जाना चाहिए।
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को बताया था कि विपक्ष की ओर से सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का समय मांगा गया था। विपक्षी नेता CJI के सामने अपनी मांगें रखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का मुद्दा उठाना चाहते थे।
गौरतलब है कि इससे पहले 9 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी। विपक्ष SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठा रहा है। अब CJI की ओर से मुलाकात से इनकार किए जाने के बाद इस मामले में विपक्ष की अगली रणनीति पर नजर रहेगी।






