दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर एमसीडी ने बुधवार तड़के तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। दरगाह सैय्यद फैज-ए-इलाही मस्जिद के सामने सरकारी जमीन पर लंबे समय से बने अवैध बरात घर और डिस्पेंसरी को हटाया गया। कार्रवाई से पहले एमसीडी ने नियमों के तहत नोटिस भी जारी किए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाए जाने पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर और अन्य मशीनों से ध्वस्तीकरण किया गया। मलबा हटाने का काम तेजी से किया गया और मौके पर आपात सेवाओं की भी व्यवस्था की गई थी।
कार्रवाई के बाद कुछ देर के लिए इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। अज्ञात लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया, जिससे सड़कों पर ईंट-पत्थर बिखर गए और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से हालात जल्द ही काबू में आ गए। एहतियात के तौर पर आसपास के रास्तों को सील कर दिया गया, दुकानें बंद रहीं और इलाके में लगातार गश्त की गई। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत है और प्रशासन के मुताबिक हटाई गई जमीन केंद्र सरकार के भूमि एवं विकास कार्यालय के अधीन है।






