Home / News / सुबावन दुग्ध समिति में 254 किसानों के बीच 10.81 लाख रुपये बोनस वितरित

सुबावन दुग्ध समिति में 254 किसानों के बीच 10.81 लाख रुपये बोनस वितरित

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

रक्षाबंधन के अवसर पर सात वर्षों का बोनस वितरण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और सहकारिता को मजबूत करने का लिया संकल्प

विभूतिपुर। प्रखंड के सुरौली गांव स्थित सुबावन दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड में रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर शुक्रवार को भव्य बोनस वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2019-20 से 2024-25 तक के सात वर्षों का बोनस समिति से जुड़े किसानों के बीच वितरित किया गया। कुल 254 किसानों के बीच 10 लाख 81 हजार 886 रुपये की बोनस राशि बांटी गई। बोनस राशि मिलने से किसानों में उत्साह देखा गया।

समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र महतो ने की, जबकि संचालन पीएन झा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं समिति से जुड़े लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समिति के सचिव चंदन कुमार ने आगत अतिथियों का चादर, पाग एवं फूल-माला पहनाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दुग्ध संघ के अध्यक्ष उमेश राय ने कहा कि समिति की मजबूती के लिए अध्यक्ष, सचिव और किसानों को कदम से कदम मिलाकर काम करना होगा। उन्होंने वर्ष 2030 तक 10 लाख लीटर दूध संग्रह के लक्ष्य की चर्चा करते हुए कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पशुओं, किसानों और समिति सचिवों के बीमा की व्यवस्था को लेकर भी प्रयास जारी है। उन्होंने किसानों से अपने पशुओं का बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि सब्सिडी के तहत कम राशि में बीमा कराया जा रहा है, जिससे आपदा या दुर्घटना की स्थिति में किसानों को आर्थिक लाभ मिल सके।

विशिष्ट अतिथि दुग्ध संघ के एमडी रविन्द्र कुमार झा ने कहा कि दुग्ध संघ किसानों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दूध उत्पादन एवं संग्रह बढ़ाने के लिए किसानों से एकजुट होकर काम करने की अपील की।

निदेशक मंडल सदस्य राजीव कुमार मिश्र ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों से निजी समितियों के बजाय मिथिला दुग्ध समिति से जुड़कर दूध देने की अपील की। उन्होंने संघ के अध्यक्ष और एमडी से किसानों के हित में दूध के मूल्य में प्रति लीटर 3 से 5 रुपये तक बढ़ोतरी की दिशा में पहल करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक किसान दुग्ध सहकारिता से जुड़ सकें।

रोसड़ा दुग्ध शीतकेंद्र के प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार सिन्हा ने पशुपालकों से समय-समय पर पशुओं का टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण से पशु स्वस्थ रहेंगे और दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

समारोह में गायिका आरती कुमारी एवं रामाश्रय दास ने गीत-संगीत की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। दोनों कलाकारों एवं उनकी मंडली के सदस्यों को समिति की ओर से सम्मानित किया गया।

मौके पर निदेशक मंडल सदस्य ब्रह्मदेव महतो, राम विनोद पंडित, बैजनाथ राय, रामप्यारी देवी, अंजू देवी, पथ पर्यवेक्षक हरेराम यादव, विपणन पर्यवेक्षक अशोक कुमार, समिति के एआई चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान एवं पथ संख्या 21 की विभिन्न समितियों के सचिव मौजूद रहे।

समारोह के अंत में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों को सहकारिता से जोड़ने तथा दुग्ध सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now