बरेली। बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र में रक्षाबंधन की रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। मढ़ीनाथ इलाके में स्थित मांझे वाली बगिया के पास देर रात भाजपा नेता सचिन कश्यप की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मृतक सचिन कश्यप भाजपा मढ़ीनाथ मंडल के ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष थे। रक्षाबंधन के दिन परिवार में खुशियों का माहौल था। उनकी बहनों ने कुछ घंटे पहले ही भाई की कलाई पर राखी बांधी थी और लंबी उम्र की कामना की थी। कुछ ही देर बाद सचिन की हत्या की खबर से परिवार में मातम पसर गया।
रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों और सूत्रों के मुताबिक, सचिन कश्यप का कुछ लोगों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब एक महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों और परिचितों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। इसके बाद मामला शांत दिखाई दे रहा था, लेकिन आरोप है कि हमलावरों के मन में रंजिश बरकरार थी।
घेरकर चाकुओं से किया हमला
रक्षाबंधन की रात सचिन कश्यप मांझे वाली बगिया के पास मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। हमलावरों ने धारदार चाकुओं से सचिन पर कई वार कर दिए।
हमले में सचिन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर थाना सुभाषनगर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
सीओ नितिन कुमार के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे रुपये के लेनदेन और पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।






