कोरबा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक चलायमान झांकियां तैयार की जा रही हैं। मूर्तिकारों द्वारा इन झांकियों को जीवंत एवं मनोहारी स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। विशाल पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण का कारागार में जन्म, श्री वासुदेव जी द्वारा उन्हें यमुना नदी पार कर गोकुल ले जाना, बकासुर वध, कालियानाग मर्दन तथा गोवर्धन पर्वत को उंगली पर धारण करने सहित अनेक प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
श्रद्धालु इन मनोहारी झांकियों का दर्शन सायं 6 बजे से रात्रि 12:30 बजे तक कर सकेंगे। झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन चरित्र से परिचित होने के साथ ही आध्यात्मिक आनंद प्राप्त होगा।
मंदिर परिसर स्थित आदर्श सेवा केंद्र में पूजन सामग्री के साथ रामदेव बाबा के आश्रम में निर्मित विभिन्न उपयोगी सामग्री तथा गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित धार्मिक एवं आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी।
विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन
जन्माष्टमी उत्सव के तहत 3 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक ‘लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। वहीं 4 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक 0 से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ आयोजित होगी।
इसी अवसर पर विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। शाम 8 बजे से रात 11 बजे तक शुभम गोयल द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव की खुशी में भव्य आतिशबाजी की जाएगी और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से 4 सितंबर को श्री सप्तदेव मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव सहित सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागी बनने तथा इस पावन अवसर का पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट कोरबा से







