Home / News / सात दिन बाद कब्र से निकाला गया विधायक की साली का शव, मायके पक्ष ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

सात दिन बाद कब्र से निकाला गया विधायक की साली का शव, मायके पक्ष ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में सात दिन पहले दफनाई गई 50 वर्षीय महिला का शव शनिवार को प्रशासन की मौजूदगी में कब्र से निकलवाया गया। महिला की मौत को लेकर मायके पक्ष ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतका की पहचान तबस्सुम (50 वर्ष) पत्नी मोहम्मद ताहिर, निवासी मोहल्ला बाजार, बहेड़ी के रूप में हुई है। तबस्सुम बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान की साली बताई जा रही हैं। उनकी 12 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद उसी दिन स्थानीय कब्रिस्तान में उनका अंतिम संस्कार कर शव दफना दिया गया।

मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

तबस्सुम का मायका उत्तराखंड के हल्द्वानी में है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उन्हें उनकी मौत की सूचना तक नहीं दी गई। उनका कहना है कि तबस्सुम को जहर देकर मार दिया गया और साक्ष्य मिटाने की नीयत से जल्दबाजी में शव को दफना दिया गया।

डीएम से शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

16 जुलाई को मृतका के भाई जहीम इलियास ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह से शिकायत कर बहन की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बिना मायके पक्ष को सूचना दिए शव दफनाकर पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हुई कब्र की खुदाई

एसएसपी के निर्देश पर शनिवार को बहेड़ी पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई। भारी पुलिस बल की निगरानी में शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि जांच में किसी प्रकार की पारदर्शिता पर सवाल न उठे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर सभी आरोपों और ससुराल पक्ष से जुड़े तथ्यों की गहन जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत स्वाभाविक थी या उसमें किसी आपराधिक घटना की भूमिका रही।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now