ललितपुर। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती सोनाली विवेक जैन का तूफानी जनसंपर्क अभियान रविवार को भी पूरे जोश से जारी रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ उन्होंने महावीर पुरा, सरदार पुरा, रावरपुरा, वजरिया और बड़ापुरा में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगा।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि “भाजपा हमेशा से युवाओं को आगे लाने में विश्वास रखती है। हमारी प्रत्याशी सोनाली जैन एक पढ़ी-लिखी, ऊर्जावान और विकास के प्रति समर्पित युवा हैं, जिनके पास शहर के लिए एक स्पष्ट और दूरदर्शी विजन है। अगर उन्हें मौका मिला, तो वे कई विकासपरक योजनाओं को धरातल पर उतारेंगी।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अनिल यादव, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी, बुंदेलखंड विकास बोर्ड के सदस्य प्रदीप चौबे, जिला महामंत्री बब्बू राजा बुंदेला, नगर अध्यक्ष भगत सिंह राठौर, नगर महामंत्री मनोज खटीक, समेत दर्जनों वरिष्ठ नेता और पार्षद गणों ने जनसंपर्क में भाग लिया और जनता से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।
इसके अलावा कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष, डॉक्टर, वकील, व्यापारी, समाजसेवी, और सैकड़ों कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी देवेन्द्र गुरु और अन्य पदाधिकारियों की देखरेख में हुआ।






