साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर अपने बयानों को लेकर विवादों में आ चुकी है। हल ही में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान साध्वी प्रज्ञा ने लव जिहाद का मुद्दा उठाया और आपत्तिजनक टिप्णी की। साध्वी ने कहा जो लड़कियाँ घर से भागने को तैयार हो जाए, उन्हें मार पिट कर ठीक करो। अब ये बयान विवाद का कारण बन चुका है।
साध्वी प्रज्ञा का कहना था कि आज के समय में लड़कियों को संस्कार और सुरक्षा की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपनी बेटियों पर नज़र रखनी चाहिए ताकि वे किसी गलत रास्ते पर न जाएँ। इस दौरान उन्होंने लव जिहाद से सावधान रहने की सलाह दी और कहा कि समाज को अपनी “संस्कृति की रक्षा” के लिए सख्त होना पड़ेगा।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ आने लगीं। कई लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति हिंसा को बढ़ावा देने वाला बताया। विपक्षी दलों ने कहा कि यह बयान न केवल गैरकानूनी है बल्कि समाज में नफ़रत फैलाने वाला भी है।
महिला संगठनों ने साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक मंचों पर ऐसी बातें कहना महिलाओं की गरिमा और संविधान दोनों का अपमान है।
यह पहला मौका नहीं है जब साध्वी प्रज्ञा किसी विवादित बयान के कारण सुर्खियों में आई हों। इससे पहले भी वे महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को लेकर दिए गए बयान के चलते चर्चा में रह चुकी हैं।






