बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरेंद्र पाल (24) निवासी ग्राम मनकरी, थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने समिति के कार्यों में मदद करने के दौरान उससे नजदीकियां बढ़ाईं, शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में फोटो वायरल करने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सरजू कट के पास हाईवे स्थित मंदिर के सामने से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कैंटर वाहन चलाता है और पीड़िता से पिछले चार-पांच वर्षों से परिचित था। उसके अनुसार दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन पीड़िता का पहले पति से तलाक नहीं होने के कारण शादी नहीं हो सकी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि दोनों के बीच विवाद के दौरान उसने पीड़िता के साथ मारपीट की थी। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।






