बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में हुए संतोष साहू हत्याकांड के मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला की गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे संतोष साहू गांव के मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा सुनकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर हुए घटनाक्रम में उनकी आंख के पास तमंचे से गोली मार दी गई, जो सिर में जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां 27 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा में दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस बढ़ा दी। पुलिस इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला और उसके पुत्र ओमप्रकाश उर्फ ओमी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।
एसएसपी की ओर से मुख्य आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। सीबीगंज थाना प्रभारी ने मामले में कार्रवाई और आरोपी की तलाश जारी रहने की जानकारी दी है।






