बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने केंद्रीय कारागार से फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी सिद्धदोष बंदी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और कुछ दिन पहले केंद्रीय कारागार बरेली से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिनेश पुत्र अरविंद निवासी ग्राम नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा है। वह वर्ष 2020 में दर्ज दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में दोषी करार दिया गया था। अदालत ने 9 जनवरी 2026 को उसे आजीवन कारावास एवं अर्थदंड की सजा सुनाई थी। इसके बाद उसे बिजनौर जेल से स्थानांतरित कर 19 अप्रैल 2026 को केंद्रीय कारागार बरेली भेजा गया था।
22 जून 2026 को केंद्रीय कारागार की कृषि भूमि पर कार्य करते समय दिनेश पानी पीने के बहाने ट्यूबवेल की ओर गया और वहां से खेतों के रास्ते दीवार फांदकर फरार हो गया। इस मामले में जेल प्रशासन की तहरीर पर थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। फरार बंदी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
शुक्रवार देर रात थाना इज्जतनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार लेकर बरेली-नैनीताल हाईवे स्थित रोड नंबर-8 के सामने बने खंडहर मकान में छिपा हुआ है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की तो आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल से फरार होने के बाद वह परतापुर निवासी नासिर कुरैशी के घर छिपकर रह रहा था। वहीं से उसने तमंचे का इंतजाम किया था। घटना वाली रात वह अपने घर जाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की मौजूदगी देखकर घबरा गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना इज्जतनगर में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, जेल से फरार होने तथा पुलिस पर फायरिंग जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी के दौरान प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र बिष्ट, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक लाखन सिंह सहित थाना इज्जतनगर की पुलिस टीम शामिल रही। उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






