बिहार के बाँका जिले ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यशैली से पूरे राज्य में पहचान बनाई है। अप्रैल 2026 की मासिक रैंकिंग में बाँका जिला ने लोक शिकायत निवारण और लोक सेवा प्रदायगी—दोनों ही महत्वपूर्ण श्रेणियों में पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह रैंकिंग बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, सामान्य प्रशासन विभाग, पटना द्वारा जारी की गई है, जिसमें राज्य के सभी जिलों का मूल्यांकन कई अहम मानकों पर किया गया। इन मानकों में शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन, आवेदनों की त्वरित प्रक्रिया, पारदर्शिता, अपीलों का निपटारा तथा प्रशासनिक अनुश्रवण शामिल थे। इन सभी पहलुओं पर बाँका जिला ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस शानदार उपलब्धि का श्रेय जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ल के कुशल नेतृत्व, नियमित समीक्षा और अधिकारियों-कर्मियों की समर्पित कार्यशैली को जाता है। जिले के सभी विभाग आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
बाँका जिला प्रशासन ने यह साबित कर दिया है कि अगर नीयत साफ हो और कार्यशैली प्रभावी हो, तो जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है। लोक शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निपटारे के साथ-साथ सेवाओं की प्रभावी प्रदायगी के कारण बाँका लगातार राज्य में अव्वल बना हुआ है।बाँका की यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है। यह सफलता बेहतर प्रशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।
बाँका बना बिहार का नंबर-1 जिला: जनसेवा और शिकायत निवारण में नया कीर्तिमान






