सोमवार की दोपहर ढाका के उत्तरा इलाके में अफरातफरी और चीख-पुकार का माहौल उस वक्त बन गया, जब बांग्लादेश वायुसेना का एक F-7 BGI प्रशिक्षण विमान अचानक माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर पर गिर पड़ा। यह हादसा इतना भयावह था कि विमान कॉलेज की इमारत से जा टकराया और कुछ ही पलों में चारों ओर आग और धुआं फैल गया।इस दर्दनाक हादसे में विमान के पायलट समेत कम से कम 19 लोगों की जान चली गई, जबकि 160 से ज्यादा छात्र, शिक्षक और स्थानीय लोग घायल हो गए। हादसे के समय कक्षाएं चल रही थीं, जिससे बच्चों में दहशत फैल गई।
विमान ने दोपहर करीब 1:06 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में वह नियंत्रण खो बैठा और स्कूल के गेट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आग लगते ही आसपास के लोग चीखते-चिल्लाते स्कूल की ओर भागे। फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियाँ और सेना की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।घायलों को एक-एक कर मलबे से निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। नेशनल बर्न इंस्टीट्यूट और हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने इस भयावह घटना की पुष्टि की है।यह हादसा सिर्फ एक तकनीकी विफलता नहीं, बल्कि कई परिवारों के लिए एक गहरा जख्म बन गया है।






