कोरबा। ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता को लेकर लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढाली में नशामुक्ति रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
रैली में शामिल लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की। इस दौरान बताया गया कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं नागरिकों को मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई गई। लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुढाली के सरपंच श्री रामेश्वर सिंह मरकाम, परिवीक्षा अधिकारी श्री मुकेश कुमार दिवाकर, आबकारी उप निरीक्षक श्रीमती जया मेहर, प्रधान पाठक श्री टेक राम यादव, प्रधान आरक्षक श्री हेमप्रकाश डडसेना, श्री पवन राजवांडे एवं सहायक वर्ग-3 श्री दीपक मार्को सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि सामूहिक जागरूकता और सहभागिता से ही नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट








