एसपी ने ईमानदार नागरिक व पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
रिपोर्ट-रजत मल्होत्रा
संभल—जनपद संभल के थाना गुन्नौर क्षेत्र से मानवता और ईमानदारी की एक मिसाल सामने आई है। दिनांक 21.09.2026 को नेहरू चौक, गुन्नौर पर एक महिला का बैग छूट गया था, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, कीमती घड़ियां, नए वस्त्र, मोबाइल फोन सहित अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था।
बताया जा रहा है कि महिला खरीदारी के बाद जल्दबाजी में अपना बैग वहीं भूल गई थी। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय निवासी राकेश पुत्र किशन लाल, निवासी मोहल्ला मुंडा, कस्बा गुन्नौर की नजर उस लावारिस बैग पर पड़ी। बैग खोलने पर उसमें कीमती सामान देखकर भी उनके मन में लालच नहीं आया और उन्होंने तत्काल ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को पुलिस चौकी कस्बा गुन्नौर पर लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना गुन्नौर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई। उ0नि0 श्योगेश कुमार, हे0का0 सोनवीर और का0 सुनील कुमार ने बैग की स्वामिनी के बारे में जानकारी जुटाना शुरू किया।
पुलिस टीम के अथक प्रयास से बैग की असली मालकिन का पता लगाया गया और सत्यापन के बाद पूरा बैग सामान सहित सकुशल महिला को लौटा दिया गया। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर महिला ने पुलिस और ईमानदार नागरिक का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के इस मानवीय और सराहनीय कार्य से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस पूरे सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संभल, विकास चंद्र त्रिपाठी ने ईमानदार नागरिक राकेश तथा सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम के *उ0नि0 योगेश कुमार, हे0का0 सोनवीर और का0 सुनील कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
और उनके इस ईमानदार एवं अनुकरणीय आचरण की जमकर सराहना की।






