उत्तर प्रदेश से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही व्यक्ति ने अपनी पहचान का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग जिलों में सरकारी नौकरी हासिल कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि करीब 9 वर्षों तक उसने एक साथ 6 जिलों से तनख्वाह ली और किसी को भनक तक नहीं लगी।
जांच में खुलासा हुआ है कि यह युवक स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर भर्ती हुआ था। नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि सभी जगह एक जैसी थीं, लेकिन विभागीय सिस्टम की कमजोरियों का फायदा उठाकर उसने अलग-अलग जिलों में पोस्टिंग ले ली।
आंकड़ों के मुताबिक, एक जिले से प्रतिमाह लगभग 70 हजार रुपये वेतन मिलता था। ऐसे में छह जिलों से हर महीने लाखों की रकम उसके खाते में पहुंचती रही। अनुमान है कि अब तक वह करीब 4 से 4.5 करोड़ रुपये तक की सैलरी हड़प चुका है।
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। लखनऊ में एफआईआर दर्ज की गई है और पूरे घोटाले की उच्च स्तर पर जांच शुरू हो चुकी है। अधिकारियों की मिलीभगत और सिस्टम की खामियां भी अब जांच के घेरे में हैं।






